कानपुर के नरवल तहसील क्षेत्र में एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सरसौल कस्बे में सोमवार को हालात अलग नजर आए। भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिलिंडर उपलब्ध न होने से कई लोग खाली सिलिंडर लेकर वापस लौटे। एजेंसी संचालक उमेश कुशवाहा के मुताबिक, सोमवार को सिलिंडर की गाड़ी नहीं पहुंच सकी, जिससे वितरण प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि रविवार तक करीब 1400 सिलिंडरों की बुकिंग हो चुकी है। केवाईसी और बीमा प्रक्रिया पूरी करते ही उपभोक्ता तुरंत बुकिंग कर रहे हैं, जिससे दबाव बढ़ गया है। वहीं, महाराजपुर स्थित बाबा आनंदेश्वर रेस्टोरेंट के संचालक पुनीत कुशवाहा ने बताया कि कमर्शियल सिलिंडर न मिलने से उन्हें लकड़ी की भट्ठियों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सुचारू कराई जाए, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।