कोहना थाने की अटल चौकी के ठीक पीछे रानीघाट नाले में मंगलवार देर शाम एक अज्ञात युवती (30) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रामेश्वर मंदिर के पास खेल रहे कुछ युवकों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाकर मार्चुरी के लिए भेज दिया। कोहना थानाप्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि युवती सलवार कुर्ता पहने हुए है। काफी पहचान कराने की कोशिश की गई लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। वहीं, मौके पर लगी लोगों की भीड़ में युवती की हत्या कर फेंके जाने की चर्चा रही। पुलिस ने युवती पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं बताए हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।