कानपुर के भीतरगांव ब्लॉक स्थित रिंद नदी में बरुई अकबरपुर गांव के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में चर्चा बनी रही। सूचना पर पहुंची साढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मृतक सफेद सैंडो बनियान और सफेद पजामा पहने हुए था। उसके शरीर पर सफेद बड़ी दाढ़ी है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी उम्र अधेड़ के आसपास हो सकती है। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। थाना प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।