कमिश्नरी के सेंट्रल ज़ोन सर्विलांस टीम ने 22 लाख कीमत के 101 खोए हुए मोबाइल फोन रिकवर कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में सेंट्रल ज़ोन की टीम ने सफलता हासिल की। इस पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ज़ोन अतुल कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना सिंह ने किया। वहीं सर्विलांस टीम प्रभारी उनि लोकेन्द्र सिंह, कांस्टेबल आलोक कुमार और नवीन कुमार ने अहम भूमिका निभाई। मोबाइल बरामद करने के लिए टीम ने आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के साथ कई स्थानों पर भौतिक सत्यापन भी किया गया। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने 101 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा। मोबाइल में मौजूद जरूरी दस्तावेज, फोटो और निजी जानकारी सुरक्षित मिलने से लोगों ने पुलिस की सराहना की। इस पहल ने न केवल नागरिकों को आर्थिक राहत दी, बल्कि उनके निजी डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित कर पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक सोच को भी मजबूत किया है।