भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए चुनाव आयोग के विशेष निरीक्षण अभियान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य केवल अपात्र मतदाताओं को हटाना और योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हमेशा नकारात्मक एजेंडा चलाने का आदी रहा है और समाज में भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करता है। चौधरी ने कहा कि बिहार में भी इसी मुद्दे पर विवाद खड़ा करने की कोशिश हुई थी, लेकिन अंतिम परिणाम ने सभी संदेह खत्म कर दिए।