बिल्हौर तहसील परिसर स्थित निबंधन कार्यालय में सोमवार को आयकर विभाग की टीम ने विशेष जांच शुरू की। करीब दो घंटे से अधिक समय से अधिकारी कार्यालय में मौजूद रहकर खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहे हैं। कार्रवाई से तहसील परिसर में हलचल मच गई और निबंधन कार्यालय में खरीदारों एवं विक्रेताओं की भीड़ जुट गई। आयकर विभाग के अधिकारी बैनामा कराने पहुंचे खरीदारों और विक्रेताओं से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही पुराने खरीद-बिक्री के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार विभाग की कई टीमें बंद कमरे में रिकॉर्ड की जांच में जुटी हैं। कार्रवाई के मद्देनजर तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।