भीतरगांव क्षेत्र में लकड़बग्घों के कुनबे की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। चतुरीखेड़ा के पास स्थित परिहारन बगीचे की एक खोह में लकड़बग्घों के जोड़े ने अपने 2-3 शावकों के साथ डेरा जमा लिया है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। भीषण गर्मी के चलते पानी और शिकार की तलाश में यह कुनबा रात के समय ढुकुवापुर और कुड़नी गांवों के बीच आबादी के नजदीक तक पहुंच रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से इन्हें दोपहर के समय भी खुलेआम घूमते देखा गया है, जिससे खेतों पर काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों ने बाहर निकलना कम कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भय लगातार बढ़ रहा है। शाम ढलते ही लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं।