सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में शनिवार की शाम सरगांव प्रधान के बेटे से भूसा लदा ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खून खराबे में बदल गया। दोनों पक्षों में चले लाठी डंडों से कई लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को रेफर किया गया। ग्रामीणों के अनुसार सरगांव प्रधान का बेटा अभय सिंह शाम को भूसा लाद कर मढ़ा गांव से होकर किसी भट्ठे में डालने जा रहा था। गांव के रास्ते में खड़ी मिक्सर मशीन से भूसे से भरा बोरा फटने पर उसने सड़क पर मिक्सर मशीन खड़ा करने पर नाराजगी जताई, जिस पर भड़के दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रधान पुत्र को बेरहमी से पीट दिया। इसकी खबर मिलने पर प्रधान पुत्र पक्ष से भी लोगों ने लाठी डंडे लेकर पहुंचने के साथ मार पीट शुरू कर दी। जिन्हें देख दूसरे पक्ष से भी लोगों ने लाठी डंडों से उनपर हमला बोल दिया। झगड़े में गम्भीर रूप से घायल प्रधान पुत्र को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दूसरे पक्ष से मढ़ा निवासी भाग्यवती पत्नी महेश व उसका पुत्र शिवम व अशोक कुमार पुत्र फूलचंद्र, कुलदीप पुत्र महेश को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि ट्रैक्टर निकलने को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।