जूही लाल काॅलोनी का तालाब पाटकर अवैध रूप से कब्जे किए जा रहे हैं। विरोध करने पर झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। यह शिकायत रविवार को जूही कलां वार्ड-84 के गुप्ता चौराहे पर लगे जनता ही जनार्दन शिविर में लोगों ने महापौर प्रमिला पांडेय से की। इलाकाई लोगों ने जूही लाल काॅलोनी स्थित मनकामेश्वर मंदिर पार्क के सुंदरीकरण और उसके पास लगी हाईमास्ट लाइटें ठीक कराने की मांग की। मार्ग प्रकाश विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल ने हाईमास्ट लाइट ठीक कराई। सुंदरीकरण के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए गए। काॅलोनी के ज्यादातर लोगों ने पुरानी सीवर लाइन चोक होने की वजह से सर्विसलेन, नालियों में गंदगी बहने की शिकायत की। नई सीवर लाइन बिछवाने की मांग की। गोविंदनगर जे-ब्लाॅक के लोगों ने बताया कि कुछ घरों में गंदा पानी आने लगा है। महापौर ने समस्या दूर करने के निर्देश दिए। कुछ लोगों ने गंदगी, नालियों पर रैंप की वजह से सफाई न हो पाने की शिकायत की। यहां सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता अतुल कुमार, जलकल विभाग जोन-3 के अवर अभियंता मानू, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, बृजेश कुमार, क्षेत्रीय पार्षद अमित जायसवाल, सुमित वाजपेयी आदि रहे।