साढ़ थाना क्षेत्र के कंठीपुर गांव में विवाहिता बहन को ससुरालजनों के द्वारा कम दहेज मिलने के खातिर प्रताड़ित करने के आरोप में उसके भाई ने पति समेत चार के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। फतेहपुर जनपद के चांदपुर थाना अंतर्गत गोविन्दपुर बिलारी गांव निवासी अंकित कुमार ने बताया उनकी बहन अंजली का विवाह साढ़ थाना के कंठीपुर गांव में हिंदू रीति रिवाज के तहत सामान्य से अधिक दहेज देकर किया गया था। फिर भी उसकी बहन को सास समेत अन्य घर वालों के द्वारा प्रताड़ित किया जाता है। अतिरिक्त दहेज की मांग कर लाठी डण्डों से मारपीट करते हैं। साढ़ प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया पीङित की बहन की सास अनंती देवी, पति कुलदीप कुमार, जेठ संदीप कुमार व जेठानी अंजली देवी के विरुद्ध दहेज एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।