चित्रकूट में लोढ़वारा फीडर में बिजली का ट्रांसफार्मर बनाते समय खंभे से गिरकर मृत संविदाकर्मी के परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शव का सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी होते ही सीओ व कोतवाल समेत बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचकर प्रदर्शन खत्म करने के लिए मनाने लगे। लगभग तीन घंटे प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के एसडीओ के लिखित आश्वासन पर परिजनों ने जाम खत्म किया। बुधवार को हिनौता गांव निवासी बिजली विभाग के संविदा कर्मी मइयादीन का शव सड़क पर रखकर परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आरोप लगाया कि कार्य के दौरान भरतकूप थाना क्षेत्र के हिनौता माफी गांव के मिडिलकापुरवा निवासी मइयादीन यादव (45) की मौत हुई है।