अमृत पेयजल योजना के तहत जल निगम नगर में भूमिगत पाइप लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई करा रहा है। राजधानी मार्ग स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने शुक्रवार की रात में बिना अनुमति के हो रहे खोदाई के काम को बीएसएनएल कर्मचारियों ने रात में रुकवा दिया। शनिवार को दोपहर जिले के बीएसएनएल विभाग के टीडीएम एसके बंसल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर जल निगम के अधिकारियों से बात की। कहा कि खोदाई के दौरान ओएफसी केबल कटी तो तीन जिलों की बीएसएनएल सेवाएं हो बंद जाएंगी। उन्होंने कहा कि अब बीएसएनएल कर्मचारियों की मौजूदगी में ही खोदाई का काम होगा। बीएसएनएल के टीडीएम एसके बंसल ने बताया कि जिस जगह ठेकेदार द्वारा खोदाई का कार्य किया जा रहा है वह बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। यहां कानपुर बीएसएनएल से मुख्य केबल आई है और चेंबर बना है। यहीं से उन्नाव, रायबरेली और हरदोई के लिए लाइन गई है। सही समय पर काम न रोका जाता तो ओएफसी केबल कट जाने से उन्नाव के एक हजार लैंडलाइन व ब्राड बैंड कनेक्शन के अलावा सभी टावर बंद हो जाते। इससे मोबाइल फोन ठप होने से साथ ही करीब सौ बैंकों का कार्य भी बाधित हो जाता। इसके लिए उन्होंने जल निगम के एई सुनील कुमार से बात की और जानकारी दी। इस पर तय हुआ है कि अब बीएसएनएल कर्मचारियों की मौजूदगी में ही खोदाई का काम होगा। उन्होंने बताया कि चेंबर के पास मोटी दीवारें हैं, जिन्हें तोड़ा नहीं जा सकता। जल निगम को चेंबर के नीचे से ही पाइप लाइन निकालनी होगी। वहीं, एई सुनील कुमार ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के ठेकेदार को अवगत कराया गया है, पाइप लाइन कैसे ले जानी है इसकी नई ड्राइंग तैयार कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान बीएसएनएल के जेटीओ अविनाश कुमार, एसडीओ एसपी यादव, पंकज राठौर, राजेश सिंह, मनमोहन व रुद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।