कानपुर देहात के मैथा तहसील की मड़ौली ग्राम पंचायत के चालहा गांव में आग से मां प्रमिला और बेटी की मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में शाम से शुरू हुई अफसरों की आवाजाही पूरी रात चली। मौके पर मौजूद परिजनों के बिलखने की आवाज व गांव पहुंच रहे अधिकारियों की गाड़ियों के हूटरों का शोर सन्नाटा तोड़ता रहा। वहीं, इस घटना को लेकर राज्य की सियासत भी तेज होती जा रही है। विपक्षी दल कांग्रेस और सपा के बाद अब बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस घटना को लेकर भाजपा सरकार को घेरा है।