किशोरियों एवं महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करने वाली सामाजिक संस्था जन विकास संस्थान द्वारा संचालित उड़ान परियोजना के अंतर्गत नगर के एक महाविद्यालय में एक दिवसीय ब्लाक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। ब्लाक स्तरीय गोष्ठी में किशोरियों के अधिकारों एवं बाल विवाह की रोकथाम के मुद्दे पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा विभाग के आलावा अन्य मुद्दे पर किशोरियों एवं महिलाओं से चर्चा हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य किशोर एवं किशोरियों के अधिकारों पर जागरूकता एवं बाल विवाह मुक्त गांव बनाने की दिशा में सुझाव साझा किया गया। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर मेजर तपिश कुमार ने कहा कि आज समाज में किशोरिया विकास के सभी क्षेत्रों में अपना स्थान बनाने में कामयाब हो रही है जिसका प्रमुख कारण सामाजिक जागरूकता एवं नेतृत्व का अवसर मिलने का प्रभाव है। आगे आपने संबोधित करते हुए कहा कि आज जरूरत है सभी विभागों एवं नगर समाज के लोगों को एक समन्वय स्थापित करके साझा रूप से मिलकर कार्य करने की। आपने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओ के बारे में विस्तार से किशोरियों को जानकारी प्रदान किया। कार्यक्रम में मछलीशहर कोतवाली की महिला हेड काॅन्स्टेबल दीक्षा सिंह ने कहा कि किशोर और किशोरियां एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। यदि उन्हें समान स्तर पर शिक्षा और परवरिश दी जाए तो लड़कियां भी आसमान में उड़ान भर सकती हैं।