जौनपुर के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मछलीगांव के नेवादा मुरीदपुर गांव में शुक्रवार को एक तालाब में युवक शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त गांव निवासी डॉ. कुमुद चंद्र पाठक अपने निजी तालाब में मछली पालन किए थे, जिसकी देखभाल चंदापुर गांव निवासी जंगबहादुर सिंह उर्फ पुती तीन साल से कर रहे थे। उनके बीमार होने की दशा में उनका बड़ा पुत्र 23 वर्षीय अमन सिंह तालाब की देखभाल करता था। शुक्रवार की सुबह तालाब के बीच में अमन सिंह का शव उतराया हुआ मिला। घटना की सूचना पुलिस सहित परिजनों को दी गई। प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र दत्त ने शव को कब्जे में ले लिया है। उधर, सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।