नोएडा के सेक्टर-82 कट के पास 6 नवंबर को सिर और हाथ कटे मिले महिला के शव की जांच में हत्या का खुलासा कर चुकी पुलिस अब आगे सबूतों को मजबूत करेगी। मिले शव और महिला के दोनों बच्चों की डीएनए जांच होगी। इस जांच के लिए शव के नाखून का एक हिस्सा पहले ही डॉक्टर व फॉरेंसिक टीम ने निकाल कर रख लिया था। अब शव की शिनाख्त जिस प्रीति यादव निवासी बरौला के रूप में हुई है उसके दोनों बच्चों के सैंपल डीएनए जांच में लिए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस ने महिला के काटे गए हाथ और सिर का अवशेष भी गाजियाबाद से बरामद किया है। इन अवशेष के खून और बरामद सिर और हाथ कटे शव के खून की जांच कर मिलान किया जाएगा। प्रीति की हत्या के खुलासे के बाद उसका पति जिससे अलगाव था वह बच्चों की निगरानी लेने के लिए आगे आ गया है। गाजियाबाद में मिले हाथ के अवशेष से पुलिस को एक चांदी की कछुआ आकार वाली अंगूठी भी मिली है। इस अंगूठी की पहचान पुलिस ने प्रीति के दोनों बच्चों और उसके पूर्व पति से करवाई है।