सादाबाद समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी ने किया। इस दौरान चिकित्सकों और कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। सादाबाद के विधायक गुड्डू चौधरी ने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण अभियान है। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार बहुत ही गंभीर है। सरकार के प्रयास से संचारी रोगों पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। जिला स्तर पर भी इसे लेकर गंभीरता से प्रयास किया जाए, ताकि रोगों पर नियंत्रण पाया जा सके। सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीणों को अपने घर के आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई है। उन्होंने मच्छरदानी का उपयोग करने और पूरी बांह की शर्ट पहनने को कहा। डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि 11 जुलाई से घर-घर दस्तक अभियान शुरू होगा। इसमें एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगी। वे टीबी, दस्त और बुखार के मरीजों की जानकारी एकत्र करेंगी। मरीज मिलने पर उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जो भी विभाग इसमें शामिल हैं सभी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। इस मौके पर डॉ. प्रेमपाल शर्मा, डॉ. स्वाति गर्ग, यूनिसेफ से राकेश कुमार, फार्मासिस्ट हेमेंद्र चाहर, विष्णु वार्ष्णेय, गुड्डू वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।