रोजगार की तलाश में सोमवार को दूर-दराज से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचे। कौशल विकास मिशन की ओर से आयोजित रोजगार मेले में चार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। दिव्यांग अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता और अनुभव के आधार पर नौकरी पाने के लिए कंपनियों के सामने अपनी दावेदारी पेश की। जिला मिशन प्रबंधक अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि बेरोजगार दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया। अभ्यर्थियों को कंपनियों में रोजगार के साथ प्रशिक्षण का अवसर भी दिया जाएगा। इससे उन्हें हुनर निखारने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों में नौकरी पाने को लेकर उत्साह दिखा। अधिकारियों के मुताबिक, साक्षात्कार के बाद कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में ब्लॉक मिशन प्रबंधक संतोष कुमार पाठक समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।