गोंडा के मोतीगंज क्षेत्र में कुंदुरखी स्थित बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल यूनिट में कार्यरत फिटर ने एक साथ 250 गोली निश्चेतक (ऑपरेशन के दौरान दी जाने वाली बेहोशी की दवा) खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में गोंडा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में फिटर का उपचार चल रहा है। मिलकर्मी ने अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मुरादाबाद के भोजपुर इस्लाम नगर (रमपुरा) निवासी गजेन्द्र सिंह (38) बजाज चीनी मिल के कुन्दरखी यूनिट में फिटर के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार की सुबह उसने 250 गोली निश्चेतक खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मोतीगंज थाने में सूचना देकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। कर्मी की पत्नी रूबी सिंह का आरोप है कि उसके पति को बीते कई दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा है।