गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के धर्मेई गांव निवासी मछली विक्रेता उमेश कश्यप (37) का शव संदिग्ध हालात में सरयू नहर पुलिया के किनारे गड्ढे में उतराता मिला। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है। गांव निवासी अरुण ने बताया कि उसके पिता उमेश क्षेत्र के पारासराय देवरिया अलावल मार्ग पर 27 नंबर चौराहे के समीप मछली बेचने का काम करते थे। प्रत्येक दिनों की तरह ही वह रविवार की सुबह भी मछली बेचने के लिए घर से निकले थे। मगर देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश की गई। उनके साथ मछली का कारोबार करने वाले लोगों से भी जानकारी ली गई लेकिन कोई भी उनके बारे में नहीं बता सका। रविवार की सुबह अरुण ने थाने पहुंचकर पिता के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान उमेश का शव संदिग्ध हालात में सरयू नहर पुलिया के किनारे गड्ढे में उतराता हुआ मिला। पास में ही उसकी पैंट, शर्ट, टी शर्ट व जैकेट व पर्स भी मिला है। जिसमें 3700 रुपये पाए गए हैं जबकि करीब चार मीटर की दूरी पर उसकी साइकिल, मोबाइल फोन व जूते भी पाए गए हैं। उसके कान व नाक से खून का रिसाव हो रहा था। सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया उमेश की डूबने से मौत हुई है। परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पिता की मौत से टूटा सहारा, परिवार में मचा कोहराम उमेश के परिवार में पत्नी संगीता, बड़ा बेटा अरुण, छोटा अतुल व बेटी रुचि है। उमेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मछली बेचकर उमेश परिवार का खर्च चलाता था। मौत से परिवार का सहारा टूट गया है। गांव के लोग व रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने में लगे रहे।