गोंडा में उत्तर प्रदेश शिक्षक सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा के दूसरे दिन कई अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र कठिन लगा। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते समय अभ्यर्थियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई पड़ीं। कई अभ्यर्थियों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र में पूछे गए कुछ सवाल निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर के थे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के साथ शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर अपेक्षा से अधिक कठिन था। उनका कहना था कि कई प्रश्न ऐसे थे, जो तैयारी के दौरान पढ़ाए गए सिलेबस से मेल नहीं खाते थे। इससे परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन भी प्रभावित हुआ।