गोंडा में रमजान के महीने में रसोई गैस की किल्लत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। रविवार को अंबेडकर चौराहा स्थित सूर्या गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी लाइन लग गई। रोजेदारों व महिलाओं की भीड़ में कोई सिर पर दुपट्टा बांधे खड़ा था तो कोई खाली सिलिंडर पकड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। धूप और भूख-प्यास के बीच घंटों इंतजार करते उपभोक्ताओं का दर्द बार-बार जुबान पर आ रहा था। लाइन में खड़ी राबिया ने भरी आंखों से बताया, “आज सेहरी में घर में गैस खत्म हो गई। मजबूरी में सिर्फ खजूर खाकर रोजा रखा है, एक कप चाय भी नहीं मिली।” वह सुबह नौ बजे से लाइन में खड़ी थीं। दोपहर करीब एक बजे तक चार घंटे बीत गए, लेकिन सिलिंडर मिलने की उम्मीद अभी भी नहीं दिख रही है। भीड़ में खड़े फैज अंसारी बार-बार मोबाइल फोन देख रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह से एजेंसी के नंबर पर करीब 12 बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। “न गैस मिल रही है और न कोई सही जानकारी दे रहा है,” उन्होंने नाराजगी जताई। जानकी नगर निवासी कृष्ण मोहन मिश्र खाली सिलिंडर के साथ लाइन में खड़े मिले। उन्होंने बताया कि छह मार्च को गैस बुक कराई थी। आज उम्मीद लेकर आए थे कि शायद सिलिंडर मिल जाएगा, लेकिन यहां बताया जा रहा है कि अब 17 मार्च को मिलेगा। सोनपता भी सुबह से लाइन में लगी रहीं। उनका कहना था कि पूरे दिन इंतजार करने के बाद भी पता चला कि अभी गैस उपलब्ध नहीं है और 17 मार्च के बाद ही मिलने की बात कही जा रही है। एजेंसी के बाहर सुबह से दोपहर तक लोगों की कतार बढ़ती ही रही। कई लोग घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौट गए। रमजान के दौरान सेहरी और इफ्तार की तैयारी के बीच गैस संकट ने रोजेदारों की परेशानी और बढ़ा दी है।