गोंडा में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को आयोजित गृह विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा में छात्राओं ने अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया। परीक्षा के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिन्हें देखकर परीक्षक और शिक्षक काफी प्रभावित नजर आए। परीक्षा में छात्रा आफरीन द्वारा तैयार किया गया कुरकुरा समोसा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उसके स्वाद और प्रस्तुति की शिक्षकों ने खुलकर प्रशंसा की। बतौर परीक्षक जीपी इंटर कॉलेज, कुशीनगर से आई गृह विज्ञान की प्रवक्ता पूनम तिवारी ने छात्राओं की मेहनत, सृजनशीलता और विषय की समझ को सराहनीय बताया। आंतरिक परीक्षक मनीषा ने कहा कि इस तरह की प्रयोगात्मक परीक्षाएं छात्राओं के कौशल विकास के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होती हैं।