गोंडा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को शहर के रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद और जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि, मंगलवार को संपन्न हुए विवाहों की संख्या का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया। दो दिवसीय आयोजन में 27 अक्तूबर को 241 और 28 अक्तूबर को 190 जोड़ों के विवाह निर्धारित हैं। इस तरह कुल 431 जोड़ों का विवाह कराया जाना है। जिले में योजना के तहत 1,154 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें से 723 जोड़ों का विवाह पहले ही कराया जा चुका है। शेष 431 जोड़ों के विवाह संपन्न होने के साथ ही जिले का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद विभाग की ओर से शासन से लक्ष्य बढ़ाने की मांग की जाएगी।