यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए गोंडा में 125 केंद्र प्रस्तावित हुए हैं। इनमें पिछले साल के 39 केंद्रों को जगह नहीं मिली है। प्रस्तावित सूची पर आपत्ति दर्ज कराने का बुधवार को अंतिम मौका है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि केंद्र निर्धारण प्रक्रिया ऑनलाइन है। सूची परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in और कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध है। विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, विद्यार्थी और अभिभावक 28 अक्तूबर तक पोर्टल पर आपत्ति दे सकते हैं। आपत्तियों का परीक्षण कर जिला विद्यालय निरीक्षक उनका निस्तारण करेंगे। जनपदीय समिति से अनुमोदित अंतिम सूची छह नवंबर तक वेबसाइट पर अपलोड होगी। इस बार 96,180 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जो पिछले वर्ष से 187 अधिक हैं। प्रस्तावित केंद्रों में पांच राजकीय, 39 अशासकीय सहायता प्राप्त और 81 स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं।