गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र के युवराजपुर गांव के सामने गंगा में रविवार की सुबह 11.30 बजे ट्रेलर चालक राजन यादव (28) का शव उतराया मिला। जबकि खलासी बिट्ठल गुप्ता का अब तक पता नहीं चल सका है। यहीं नहीं अबतक एसडीआरएफ की टीम जहां नहीं पहुंच पाई है। वहीं, 32 घंटे बाद भी गंगा में गिरा ट्रेलर भी अब तक नहीं निकल सका है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि वीर अब्दुल हमीद सेतु की रेलिंग को तोड़ते हुए गिरा ट्रेलर गंगा के मध्य भाग में है। वहां करीब अधिक गहराई है। एनएचएआई ने पुल से क्रेन लगाकर ट्रेलर बाहर निकलवाने से मना कर दिया था। इसके बाद जलपोत पर लगे क्रेन से ट्रेलर निकलवाने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। ऐसे में जलपोत पर लगे भारी क्रेन को मंगाने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, युवराजपुर गांव के सामने गंगा से ट्रेलर चालक राजन यादव का शव मिल गया है। विधिक कार्रवाई करने के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि खलासी बिट्ठल गुप्ता की तलाश की जा रही है।