गाजीपुर के नगसर हाल्ट थाना के रेलवे क्रॉसिंग के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन पर चाकू से लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को चिन्हित कर लिया और एक को गिरफ्तार कर लिया। लूट के रुपये बरामदगी के दौरान आरोपी ने एसआई की सरकारी पिस्टल छीन लिया और भागते हुए पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते गोलियां चलाई, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से सरकारी पिस्टल और लूट का 1.55 लाख रुपए बरामद किया। सुहवल थाना क्षेत्र के ढढनी स्थित बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान है। 21 अक्तूबर को सेल्समैन मनीष पांडेय बाइक से बिक्री का पैसा लेकर दिलदारनगर बैंक जमा करने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने चाकू से आतंकित कर सेल्समैन को रोक लिया।