गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र हरदासपुर खुर्द स्थित कोल्ड स्टोर के पास संचालित निजी हेल्थ केयर सेंटर में शुक्रवार की रात एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया, जिसमें नवजात की मौत हो गई। लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिजन हंगामा करने लगे। इधर संचालक ने 10 से 15 की संख्या में कुछ युवकों को बुला लिया और प्लास्टिक में रखे नवजात का शव लेकर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई और पूछताछ में जुट गई। करीब एक घंटे बाद नवजात का शव लेकर युवक पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई। खुदाबख्शपुर निवासी गर्भवती अनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें बीते आठ सिंतबर की सुबह छतमा गांव के एक निजी अस्पताल पर ले गए। महिला के पति मुकेश ने बताया कि डॉक्टर ने प्रसव कराने के नाम पर गर्भवती पत्नी को करीब आठ इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद भी प्रसव पीड़ा नहीं होने पर उसने ऑटो से हरदासपुर खुर्द स्थित एक हेल्थ केयर सेंटर भेज दिया।