फिरोजाबाद के शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग स्थित गांव छटनपुरा में रविवार रात को हुए हादसे से हाहाकार मच गया। टेसू-झांझी का ब्याह कराने के बाद विसर्जन करने जा रहे बच्चों, महिलाओं, युवाओं की टोली को बटेश्वर की ओर से आ रही अनियंत्रित कार 17 लोगों को रौंदती हुई चली गई। चार बहनों समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 12 अन्य घायल हो गए। ग्रामीणों ने भागती कार को ट्रैक्टर लगाकर पकड़ लिया। घायलों को फिरोजाबाद ट्रॉमा सेंटर और आगरा भेजा गया है। देर रात शव उठाने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। गांव में एसपी देहात, एसडीएम सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस के अनुसार थाना नसीरपुर इलाके के गांव छटनपुरा के महिला-पुरुष एवं बच्चे टेसू-झांझी की शादी की रस्में अदा करने शिकोहाबाद बटेश्वर रोड पर गए हुए थे। रात करीब 9 बजे जब सभी लोग पूजा करने के लिए सड़क किनारे बैठे थे, तभी अचानक बटेश्वर की ओर से आ रही कार ग्रामीणों को रौंदती हुई आगे बढ़ गई। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। घायल सड़क पर तड़पने लगे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और थोड़ी दूर पर ट्रैक्टर को खड़ा करके रास्ता बंद कर दिया। तभी कार सवारों ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। कार में कई लोग सवार बताए गए हैं। हादसे में शिशुपाल की दो पुत्रियों आकांक्षा (17), अंजलि (15) और उनकी चचेरी बहन दीपिका (19) पुत्री ब्रजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिशुपाल की तीसरी बेटी गुन्नू (10) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गांव के हरीश (26) पुत्र गंभीर ने शिकोहाबाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में श्रेषा देवी (62) मोहिनी (2), पूजा देवी (26), सपना (2), चंद्रवीर (55), उमाशंकर (40), धीरज (30), सोनू (30), मयंक (11) सहित 12 लोग घायल हो गए। देर रात कुछ घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे की जानकारी पर एसपी देहात अनुज चौधरी, एसडीएम शिकोहाबाद राजेश शुक्ला सहित कई थानों का फोर्स गांव पहुंच गया। ग्रामीणों ने कार सवार लोगों को भी देर रात पकड़ लिया। उन्होंने शव नहीं उठाने दिए। बाद में अधिकारियों के समझाने पर परिजन माने। सोमवार को गांव में मृतकों का अंतिम संस्कार हुआ तो कोहराम मच गया।