एनसीआर प्रयागराज डिवीजन के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक ने बुधवार सुबह अधीनस्थों के साथ टूंडला, फिरोजाबाद व शिकोहाबाद स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, पूर्वी दिशा में बन रहे ओवरब्रिज, रेलवे हॉस्पिटल आदि का जायजा लिया। साथ ही रेलवे काॅलोनियों का कार से विंडो निरीक्षण के दौरान झाड़ियां देख नाराजगी जताई। उन्होंने साफ-सफाई के निर्देश दिए। महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह मगध एक्सप्रेस से सुबह 7:17 बजे टूंडला स्टेशन पहुंचे। जहां रेल अधिकारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। रेल कर्मचारियों ने ट्रेन में लगे आरए को अलग कर ट्रेन को रवाना किया। इसके उपरांत साढ़े नौ बजे उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे धीमी गति से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने न्यू रेलवे कॉलोनी की साफ सफाई की व्यवस्थाओं को देखा। काॅलोनी में खड़ी झाड़ियों को देख बिफर गए। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे काॅलोनियों में साफ सफाई के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेलवे अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां अस्पताल में भर्ती रेल कर्मचारियों का हाल जाना। इधर, पिछले महीने फाटक संख्या 71 पर बन रहे ओवरब्रिज का एक हिस्सा गिरने के स्थान को देखा। उसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद, शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, डिप्टी सीटीएम अमित आनंद, एईएन रेहान शहीदी, स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार सिंह, सीएमआई मनोज कुमार, राकेश ग्रोवर आदि उपस्थित रहे।