एटा के सकीट में आसपुर-सकीट रोड पर सीएचसी के पास मोड़ पर एक कार बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार दो बच्चों सहित चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। कार में सवार लोग नोएडा से इटावा जा रहे थे। हादसा सोमवार की सुबह करीब चार बजे हुआ। कार से नोएडा के आशीष कुमार, गोल्डी, आर्यन और शिवांश इटावा एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सकीट कस्बा से पहले सीएचसी के पास मोड़ पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार के गिरने की आवाज और लोगों की चीख-पुकार सुन आस-पास खेत में मौजूद लोग वहां पहुंचे। खाई में कार सीधे गिरने से उसमें सवार लोगों को कम चोटें आई हैं। चारों घायल लोगों को सीएचसी ले जाया गया। यहां उपचार के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई। चालक आशीष ने बताया कि मोड़ पर संकेतक बोर्ड न होने से ये हादसा हुआ, यदि संकेतक बोर्ड होता तो हादसा नहीं होता।