धर्मनगरी में प्रयागराज से आने वाले वाहनों का रेला 24 घंटे में अधिक बढ़ गया है। 24 घंटे में जिले में 30 हजार से अधिक वाहनोंं का आवागमन रहा। मंगलवार सुबह पांच बजे से लेकर शाम छह बजे तक 11 घंटे में 15 हजार से अधिक वाहन पहुंचे। इससे झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर 10 किमी लंबा जाम लग गया। देर शाम तक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस कर्मी जूझते दिखे। हालत को नियंत्रित करने के लिए कभी राजापुर, कभी बरगढ़ के अलावा बेड़ी पुलिया, भरतकूप, हनुमानधारा मार्ग पर एक-एक घंटे वाहनों को रोका गया। रामघाट से लेकर कामदगिरी मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पार्किंग हाउस फुल होने से सड़क किनारे भी वाहनों की कतारें लगी रहीं।