राजापुर थाना क्षेत्र के सिकरी अमान के पास जली कार में मिले शव के मामले में मंगलवार को नया खुलासा हो गया। दरअसल जिसके मरने की बात कही जा रही थी वह जिंदा मिला। दो करोड़ के बीमा का लाभ पाने व 45 लाख के लोन अदा न करने के लिए पति पत्नी ने फिल्मी साजिश रची। यू-टयूब से तरीका सीखकर सुनील पटेल ने एक युवक को अपना दोस्त बनाया, फिर कार से अपने साथ लाकर इतनी शराब पिलाई कि वह बेसुध हो गया। इसके बाद उसे कार समेत जिंदा फूंककर भाग गया। पत्नी हेमा सिंह ने पति की मौत होने की बात कहकर अंतिम संस्कार कर दिया। पहले से शक के दायरे में मामले में जांच कर रही पुलिस ने आरोपी पति पत्नी को रैपुरा में उनके रिश्तेदार के घर में दबोच लिया। आरोपी सुनील के जिंदा मिलने पर इसका राज खुल गया। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को एसओजी व राजापुर थाना पुलिस टीम ने रैपुरा के आनंदपुर गांव में एक घर में छापा डाला। वहां से रींवा मप्र के थाना जवा कनपुरा निवासी सुनील सिंह पटेल को उसकी पत्नी हेमा सिंह के साथ पकड़ लिया। सुनील की 29/30 जून की रात को सिकरी गांव के पास कार में विस्फोट होने के बाद मरने की बात सामने आई थी। पत्नी व अन्य परिजनों ने सुनील के इस विस्फोट में मरने की पुष्टि की थी।