टांडाकला बाजार में लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्मित पिच सड़क पर गहरे गड्ढों के कारण पानी जमा होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जलभराव की समस्या से त्रस्त होकर वहां के निवासियों ने रविवार को प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। बाजार की यह मुख्य सड़क होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। गड्ढों में जलजमाव के कारण राहगीरों, विशेषकर छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग मां काली मंदिर की ओर भी जाता है। प्रतिदिन भोर से ही भक्तों एवं महिलाओं का इसी सड़क से मंदिर में जल चढ़ाने एवं पूजा पाठ करना शुरू हो जाता है, जिन्हें गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। यह सड़क मारूफपुर और सैदपुर जैसे आस-पास के बाजारों को भी जोड़ती है, एवं टांडा कैथी गंगा नदी पर बने पीपा पुल को पार कर राहगीर वाराणसी को आते जाते रहते हैं। जिससे दैनिक यात्रियों की संख्या बहुत अधिक रहती है। प्रदर्शन करने वालों में अभय पांडेय, सतीश मौर्य, आकाश मिश्रा, तूफानी सिंह, संजय विश्वकर्मा, राम अवध निषाद, संजय भारद्वाज आदि थे।