पड़ाव एवं आसपास के बाजारों में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आहत व्यापारियों ने मंगलवार को सीओ कृष्णमुरारी शर्मा को एक पत्रक सौंपकर कड़ी नाराजगी जताई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। पड़ाव व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम गुप्ता अपने व्यापारी सदस्यों के साथ सीओ कार्यालय पहुंचे और कहा कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी, सेंधमारी और टप्पेबाजी की घटनाओं में बाढ़ आ गई है। व्यापारियों ने बताया कि मढ़िया, जलीलपुर, चौरहट, भोजपुर, सेमरा, सुजाबाद और पडाव बाजार में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इससे व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अलोक तिवारी के यहाँ 10 लाख की चोरी, प्रवीण गुप्ता के साथ 3 लाख की टप्पेबाजी और अमन ज्वेलर्स से 50 लाख की चोरी जैसी घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। आरोप है कि कोतवाली मुगलसराय अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है।पड़ाव व्यापार मंडल के महामंत्री बृजमणी मिश्रा ने कहा कि प्रशासन को इन घटनाओं का खुलासा जल्द करना चाहिए, नहीं तो व्यापारी आंदोलन पर मजबूर होंगे। अध्यक्ष शुभम गुप्ता ने साफ कहा कि चार दिनों के भीतर चोरी का सामान बरामद कर दोषियों को जेल भेजा जाए, अन्यथा व्यापारी कठोर रुख अपनाएंगे। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पत्रक सौंपने के दौरान पड़ाव व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।