सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर स्थित एक घर में मंगलवार की रात घुसे चोरों ने सात लाख रुपये मूल्य के जेवरात समेत नगदी पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह जब परिवार वालों को इसकी भनक लगी तो उनके होश उड़ गये। घटना की जानकारी मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। वहीं पास के खेत में जेवरात के बाक्स पड़े मिले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी रमेश यादव परिवार सहित मंगलवार की रात कमरे में सोये हुए थे। देर रात घर के पीछे की तरफ से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में चोर घुस गये। चोरों ने सभी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोरों ने आराम से पूरे घर घर को खंगाल डाला। घर में रखे बक्से का ताला खोलकर सोने व चांदी के लगभग सात लाख रुपये मूल्य के आभूषण समेत 65 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ़ कर लिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह जब परिवार वालों को हुई तो उनके होश उड़ गये। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ भी लग गई। वहीं दूसरी तरफ आभूषणों के खाली डिब्बे पास के ही खेत में पड़े मिले। इसके बाद पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।