चंदौली के जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह बाइक से स्कूल जा रहे एक निजी स्कूल शिक्षक को तेज रफ्तार ट्रेलर ने धक्का मार दिया। जिससे वे सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रेलर चालक सड़क पर गिरे शिक्षक पर ही ट्रेलर चढ़ाकर कुचलते हुए भाग गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रख कर सैयदराजा- जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग को पांच घंटे तक जाम कर दिया। ककरैत गांव निवासी अजय राय के पुत्र आशुतोष राय (27) बरूइन जमानिया में एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार की सुबह 07 बजे वह बाइक से स्कूल के लिए निकले थे। अभी वे तलाशपुर मोड़ के पास पहुंचे थे की जमानिया की तरफ से आ रहे ट्रेलर बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद आशुतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें रौंदते हुए सैयदराजा की ओर भागने लगा। इससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर हाइवे पर जाम लगा दिया। परिजन और ग्रामीण चालक और गाड़ी मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।