नियामताबाद विकासखंड के महेवा गांव के पास सड़क के दोनों किनारों पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर पालिका परिषद द्वारा लगातार कूड़ा फेंके जाने से गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। कूड़े के ढेर से उठती बदबू और उसमें लगने वाली आग से निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के गांवों के लोगों के लिए आफत बन चुका है। महेवां के सुरेश ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र का पूरा कचरा इसी मार्ग किनारे डंप किया जा रहा है। कूड़े के ढेर में अक्सर आग लगी रहती है, जिससे विषैला धुआं फैलता है। इस धुएं से महेवा समेत आसपास के 10 से अधिक गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के कारण क्षेत्र में मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बार आग की लपटें सड़क तक पहुंच जाती हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते ग्रामीण इलाका कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कूड़े के निस्तारण के लिए वैकल्पिक स्थान चिह्नित किया जाए और यहां फेंके जा रहे कचरे पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही नियमित सफाई और निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।