वनांचल की गोद में बसे चंद्रप्रभा अभयारण्य की सुरम्य वादियां अब सिर्फ पक्षियों की चहचहाहट तक सीमित नहीं रहेंगी। यहां की मिट्टी, हवाएं और हरियाली अब पद्मश्री लोकगायिका मालिनी अवस्थी की आवाज में कजरी के रूप में देशभर में गूंजेंगी। लोकगायिका मालिनी अवस्थी की "रिमझिम बरसे बदरिया" कजरी गीत जो पूर्वांचल की लोकभावना और सावनी मस्ती का प्रतीक है, चंद्रप्रभा की प्राकृतिक पृष्ठभूमि में फिल्माया गया है। यह गीत अब विभिन्न राष्ट्रीय मंचों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों में प्रस्तुत किया जाएगा। यह सिर्फ एक सांगीतिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक संस्कृतिक दूत है,जो पूर्वांचल की मिट्टी से उपजे लोकसंगीत को देश और दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।