सकलडीहा कोतवाली के हरिहरपुर गांव में महिला से छेड़खानी का विरोध करने पर रविवार की देर 20 से अधिक लोगों ने घर में घुस कर महिलाओं और बच्चों को लाठी डंडे से पीटा। गांव के लोगों ने बीच बचाव किया। बाद में घायल पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के बस्ती में पहुंच कर हो हल्ला किया। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने सोमवार को नौ नामजद सहित 20 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। यही नहीं तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस कार्रवाई में जुट गयी है। गांव की एक बस्ती में एक महिला अपने घर के बरामदे में बैठी हुई थी। आरोप है कि उसी बीच दूसरी बस्ती के एक मनबढ़ युवक ने घर में घुसकर उसके साथ दुर्व्यहार किया। महिला के पति ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की। गांव के लोग जुटने लगे। इस पर मनबढ़ वहां से चला गया। कुछ दूर बाद मनबढ़ युवक के साथ 20 से अधिक लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मारपीट की। मारपीट में शशि पाठक (45),वर्षीय आयुष पाठक (16) और रीता पाठक (50) सहित अन्य को चोटें आ गईं। गांव के लोगों ने बीच बचाव किया तब हमलावर वहां से भागे। सूचना पाकर थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। शांति व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में नौ नामजद सहित 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मामले में नौ नामजद सहित 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था के दृष्टि से गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।