चंदौली जिले में ताराजीवनपुर नगर के वार्ड नंबर तीन नईबस्ती स्थित दलित बस्ती में नाली जाम होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नाली का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर फैलने से रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। इससे नाराज वार्डवासियों ने सोमवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तत्काल नाली की सफाई कराने, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करने और खराब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। वार्डवासियों का आरोप है कि कई महीनों से नाली जाम है, लेकिन शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली का पानी बहकर मुख्य मार्ग और घरों के सामने जमा हो रहा है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि पानी में फिसलने से कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।जलभराव के कारण आसपास मच्छर और कीड़े बढ़ गए हैं। लगातार जमा गंदे पानी और दुर्गंध से लोगों को संक्रामक बीमारियां फैलने का भी डर सता रहा है।