ड्यूटी के दौरान संविदा लाइनमैन अमित की शनिवार को बिजली लाइन पर काम करते समय तबीयत बिगड़ने से पोल से गिरने पर मृत्यु हो गई। परिजनों का कहना है कि हादसे की सूचना देने के बाद भी विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने सिकन्दराबाद–जेवर मार्ग पर वैर फ्लाईओवर के पास शव रखकर जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम सिकन्दराबाद और ककोड़ पुलिस ने वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। मृतक के परिवार में तीन छोटे बच्चे और वृद्ध मां है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता, परिवार को नौकरी और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।