बुलंदशहर नगर की हाइडिल कॉलोनी स्थित ऊर्जा निगम के कार्यालय पर सोमवार रात बिजली उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम के विरुद्ध रोष जता हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं बिजली का बिल अधिक आ रहा है। सोमवार को शहर के 50 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अपने आप डिस्कनेक्ट हो गए। उपभोक्ताओं ने बिजली गुल की शिकायत के लिए 1912 पर कॉल की तो वह भी नहीं लगा। इसके बाद एक - एक कर उपभोक्ता ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचने लगे। वहां भी बिजली बिल जमा न होने पर रोष जताया। उपभोक्ताओं ने कहा कि घर की बिजली गुल है लेकिन कोई अधिकारी समाधान नहीं करवा रहे। उधर ऊर्जा निगम के अफसरों का आरोप है कि प्रीपेड बिजली मीटर का बकाया जमा न करने पर कनेक्शन ऑटोमैटिक कट जाता हैं जो बिल जमा करने पर अपने आप शुरू हो जाएगा। जबकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली बिल जमा है इसके बावजूद बिजली नहीं मिल रही। नगर निवासी उपभोक्ता मनोज कुमार ने बताया कि सुबह से घर की बिजली गुल है। बिजली गुल के बाद इनवर्टर भी डाउन हो गया है। बिजली गुल रहने की बिजलीघर, जेई व एसडीओ से जानकारी के लिए कॉल की। लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाई। मजबूरन बिजलीघर पर आना पड़ा तो यहां भी कोई समाधान नहीं मिल रहा। बिजली कर्मचारियों ने एक एप बताया तो वह भी काम नहीं कर रहा। इसी तरह अशोक, संजीव, विनोद, सोनवीर समेत अन्य उपभोक्ताओं ने समस्या बताई। कहा कि कोई भी अधिकारी बिजली गुल रहने की सही जानकारी नहीं दे रहे न बता रहे कि कब बिजली आएगी। कालोनी के लोगों ने बिजलीघर पहुंचकर रोष जताया।