बदायूं जिला कारागार में महाकुंभ के उपलक्ष्य में प्रयागराज संगम तट से पवित्र जल मंगवाकर शुक्रवार को विधि विधान से हवन पूजन किया गया। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ निरुद्ध सभी बंदियों ने स्नान किया। इसके लिए कई दिनों से कारागार में तैयारी की जा रही थी। कारागार के अंदर एक बड़ा कुंड तैयार किया गया। कुंड का रंगरोगन कराकर जलापूर्ति की व्यवस्था की गई। संगम तट से मंगाए गए पावन जल को एक बड़े सजे हुए घड़े में पवित्र स्थल पर सुरक्षित किया गया था। इसको विधि-विधान के साथ कंधे पर उठाकर पुष्पवर्षा करते हुए बड़े कुंड के पास ले जाया गया। दीपोत्सव के बाद मंत्रोच्चार के साथ जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार के द्वारा पारंपरिक पोशाक में सभी अधिकारियों की उपस्थिति में कुंड में प्रवाहित किया गया। सैकड़ों बंदियों ने मां गंगा और भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए स्नान प्रारंभ किया। जेल में होने के कारण महाकुंभ में प्रयागराज जाकर स्नान से वंचित बंदियों को संगम के जल से स्नान कराया गया है। महिला बैरक में महिला बंदियों को भी पवित्र संगम जल उपलब्ध कराया गया।