बदायूं के बिल्सी के नन्नूमल जैन इंटर कॉलेज में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एसपी (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर ठग लालच का जाल बिछाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। जैसे ही हम किसी लालच या आकर्षण में आते हैं, साइबर अपराधी हमें अपनी चाल में फंसा लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस संसार में कोई व्यक्ति बिना स्वार्थ के कुछ नहीं देता, इसलिए ऐसे किसी भी ऑफर या मेसेज से सावधान रहें, जो मुफ्त या इनाम का लालच दें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ खाता संख्या, पिन, ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि खाते से धोखाधड़ी से पैसे निकल जाएं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।