बिजनाैर में नांगल थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग में घर का सभी सामान जलकर राख हो गया। घर में परिवार की बड़ी बेटी की शादी के लिए खरीदा गया सामान भी जल गया। गांव खानपुर निवासी प्रकाश वीर के घर में गुरुवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में राशन सहित घर का जरूरी सामान जलकर राख हो गया। जिस समय आग लगी थी उस समय प्रकाश वीर गन्ना तौल के लिए बरकातपुर चीनी मिल गए थे। प्रकाश वीर की दो बेटी और दो बेटे हैं। घर में बड़ी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी के लिए कपड़े, जरूरी सामान आदि खरीदकर घर में रखा हुआ था। प्रकाश वीर की पत्नी पंकज कुमारी अपने बच्चों के साथ घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी। प्रकाश वीर ने बताया कि गंगा स्नान मेले के बाद बेटी का रिश्ता जाना था। बृहस्पतिवार की रात शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगने से परिवार की खुशियां जलकर राख हो गई। परिवार के मुखिया प्रकाश वीर ने हल्का लेखपाल सत्य नारायण को घटना की जानकारी दी। लेखपाल ने परिवार को जांच करने का आश्वासन दिया।