ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की दुष्कर्म पीड़िता ने मंगलवार की दोपहर कचहरी के सामने सड़क पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को जलाने की कोशिश की। न्यायालय सुरक्षा में गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे देख लिया और दौड़कर उसके हाथ से माचिस छीन ली। पेट्रोल की गंध से महिला बेहोश हो गई थी। पुलिस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शाम को उसकी स्थिति ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आरोप है कि महिला को गांव के ही व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। ज्ञानपुर कोतवाली में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और वह जेल गया लेकिन उच्च न्यायालय से उसे जमानत मिल गई है और उसे परेशान कर रहा है। पुलिस से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर उसने यह कदम उठाया। महिला दोपहर में एक टेंपो से कचहरी के सामने पहुंची। उसने हाथ में पेट्रोल की बोतल ली थी। भीड़ के बीच जैसे ही उसने पेट्रोल अपने ऊपर डाला और माचिस जलाने की कोशिश की पुलिस कर्मियों ने उसके हाथ पकड़ लिए और माचिस छीन ली। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला को समझा बुझाकर घर भेजा गया है। उससे कहा गया है कि उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज होगा और आरोपित को जेल भेजा जाएगा।