कासगंज में अधिवक्ता मोहिनी तोमर की अपहरण के बाद हत्या के मामले को लेकर शनिवार को डिस्ट्रीक बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी परिसर से नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने मृतक अधिवक्ता मोहिनी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। डिस्ट्रीक बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सूर्यदत्त पांडेय ने घटना की आलोचना की। कहा कि जब न्याय दिलाने वाले लोग ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो किस आधार पर कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त रखने जाने की बात कही जा रही है। आज एक अधिवक्ता का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी जाती है। कल कोई और न्याय के लिए लड़ाई लड़ेगा तो उसके साथ भी ऐसा ही होगा। डीएम को सौंपे पत्रक में हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और फांसी की सजा देने, अधिवक्ता के आश्रितों को एक करोड़ मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जल्द स्वीकृत करने और अधिवक्ताओं को सुरक्षा देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में महासचिव सूरजीत सिंह, आलोक द्विवेदी, अजय कुमार, जय प्रकाश, विमलेश, सुषमा मिश्रा, भूपेन्द्र दुबे, महेश गुप्ता, राहुल मालवीय, आशीष यादव, भरत लाल यादव, प्रमोद श्रीवास्तव समेत अन्य रहे।