बरेली में शादी समारोह से घर लौट रहे परिवार की कार शनिवार देर रात रामपुर रोड पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में रामपुर जिला निवासी खेमकरन (60), उनकी गर्भवती बहू मोनी (30) और मुरादाबाद निवासी उनके रिश्तेदार रामगुलाम (85) की मौत हो गई। हादसे में गोविंद, उनका दो वर्षीय बेटा गुड्डू सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए। जिस पेड़ से कार टकराई, उसके आसपास कोई रिफ्लेक्टर भी नहीं लगा था। परिवहन विभाग व पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया मौत का कारण वाहन की तेज गति व झपकी आना बताया जा रहा है। कार जिस तरीके से पेड़ में कार टकराई है, उसके आगे की स्थिति को देखकर साफ पता चल रहा है कि वह 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही होगी। रात करीब एक बजे दर्दनाक हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया। जिसमें वाहन की गति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।