बरेली में कॉर्पोरेट भारत छोड़ो की मांग के साथ साम्राज्यवाद विरोधी मार्च निकाला गया। यह मार्च काकोरी शहीद यादगार कमेटी के तत्वावधान में हुआ, जिसमें विभिन्न संगठनों ने हिस्सा लिया। यह मार्च सेठ दामोदर स्वरूप (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी) पार्क से बुधवार को काकोरी शहीद यादगार कमेटी के संयोजक राजीव शांत और सह-संयोजक फैसल शेख के नेतृत्व में हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, मजदूर मंडल उप्र, इंकलाबी मजदूर केंद्र, बीटीयूएफ और प्रगतिशील सांस्कृतिक मंच समेत कई संगठन शामिल हुए। दरअसल विभिन्न संगठनों का कहना है कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान, मजदूर, छात्र और महिला विरोधी हैं, जिन्हें बहुराष्ट्रीय निगमों के इशारों पर चलने वाला बताया। जुलूस का समापन पटेल चौक पर हुआ। इस मौके पर मजदूर मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राना, मोहम्मद इरशाद, जलालुद्दीन, असद अली, और ध्यान चंद मौर्य सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद थे।